मुंह, स्तन व सर्वाइकल कैंसर पर फोकस
लक्षण दिखने पर समय पर मिलेगा इलाज
राजीव नैय्यर
कुल्लू। जिले में आपदा के बीच कैंसर पीड़ित मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। घर-द्वार पर मरीजों में मुंह, स्तन और सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों की जांच की जाएगी।
कैंसर के लक्षण दिखने पर मरीज का समय पर उपचार शुरू कर दिया जाएगा ताकि कैंसर का शुरुआती दौर में पता लगने से मरीज को बचाया जा सके। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने योजना तैयार कर दी है। गौर रहे कि एक ओर जहां भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़कें और रास्ते बंद हैं। आवाजाही की संभावना बेहद कम है। इन चुनौतियों के बीच विभागीय टीमें घरद्वार पहुंच कर मरीजों के उपचार के लिए प्रयासरत हैं। मुंह, स्तन और सर्वाइकल कैंसर के मरीजों की पहचान कर उनके उपचार पर विभागीय फोकस है।
स्वास्थ्य टीमें आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर शिविराें का आयोजन कर रही हैं। सामान्य उपचार के साथ अब महिला और पुरुषों में कैंसर के लक्षणों की जांच जाएगी। शिविर में कैंसर की स्क्रीनिंग भी मौके पर होगी। मरीजाें को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इस गंभीर बीमारी की चपेट में आए मरीज को समय पर इलाज मिले और वे स्वस्थ हो सकें। इसके लिए स्क्रीनिंग कार्यक्रम पांचों स्वास्थ्य खंडों में जारी रहेगा। इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी बंजार डॉ. नीलम शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य खंड बंजार में मरीजों को उपचार संबंधी परेशानी से न जूझना पड़े। इसके लिए शेड्यल जारी कर चिकित्सा टीमें गांव में पहुंच रही हैं। मरीजों के सामान्य उपचार के अलावा कैंसर मरीजों की पहचान के लिए स्क्रीनिंग की जाएगी।
जिले के पांचों स्वास्थ्य खंडों जरी, नग्गर, बंजार, आनी और निरमंड में गंभीर बीमारियों के मरीजों की पहचान की जा रही है। इसके लिए स्क्रीनिंग अभियान जारी है। क्षय रोगियों के अलावा कैंसर मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। -डॉ. एनआर पवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी