कुल्लू अस्पताल में डॉक्टर की हड़ताल के दौरान ओपीडी में लगा ताला।-संवाद
प्रदेश चिकित्सक संघ के आह्वान पर जिले में भी नहीं दीं ओपीडी में सेवाएं
आईजीएमसी के चिकित्सक के पक्ष में किया एक दिन का अवकाश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में चिकित्सकों ने प्रदेश चिकित्सक संघ के आह्वान पर सामूहिक अवकाश किया। इसका असर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से लेकर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू तक देखने को मिला।
चिकित्सकों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नागरिक अस्पतालों और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में शुक्रवार की सुबह 9:30 बजे से सेवाएं नहीं दीं। चिकित्सक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कोहली की अगुवाई में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के परिसर में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के सीनियर रेजिडेंट डॉ. राघव निरुला के पक्ष में गेट मीटिंग की गई। इसके बाद चिकित्सक सामूहिक तौर पर अवकाश पर रहे। डॉ. राजेंद्र कोहली ने कहा कि आईजीएमसी में मरीज और चिकित्सक के बीच झड़प के मामले के वीडियो वायरल हो रहे हैं। मरीज और चिकित्सक के बीच हुई झड़प के मामले में सरकार ने प्रारंभिक जांच और तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर पल्मोनरी मेडिसिन विभाग में तैनात सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। यह गलत है। उन्होंने कहा कि सरकार मामले की निष्पक्ष जांच करे। एक चिकित्सक मरीज की जान बचाने के हर संभव मदद करता है। ऐसा क्या हुआ कि मामला झड़प तक पहुंच गया। इसकी जांच होनी चाहिए और उसके उपरांत निर्णय लिया जाना चाहिए। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कल्याण ठाकुर ने कहा कि मरीज और चिकित्सक एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं। इस तरह कि घटनाएं होने के मुख्य कारणों की जांच होनी आवश्यक है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ताराचंद और अस्पताल में तैनात चिकित्सक उपस्थित रहे।