कुल्लू से तीन दिन बाद जा रहा बरमाणा के लिए कूड़े का ट्रक
किराया और पैकिंग पर आ रहा है प्रति ट्रक 30,000 रुपये खर्च
रसंवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के लिए कचरे का निष्पादन महंगा साबित हो रहा है। शहर से जमा होने वाले कचरे को एमआरएफ साइट पर जमा किया जा रहा है। इससे पहले ही नगर परिषद कूड़ा उठाने वाली जगहों से सूखे कचरे को अलग बोरियों में भर रही है।
सूखे कचरे को तीसरे दिन ट्रक में भरकर बरमाणा भेजा जा रहा है। सीमेंट फैक्टरी बरमाणा के लिए तीसरे दिन ट्रक भेजा जा रहा है। अब तक कुल्लू जिले से 30 से 35 ट्रक सूखे कचरे के बरमाणा भेजे जा चुके हैं। इन पर करीब पांच लाख रुपये से अधिक किराये के रूप में खर्च किए जा चुके हैं। कुल्लू से बरमाणा का किराया 20,000 रुपये बैठ रहा है। इसके साथ पैकिंग आदि का खर्च मिलाकर कुल 30,000 रुपये प्रति ट्रक का खर्च बैठ रहा है। जब तक नगर परिषद को अपनी डंपिंग साइट नहीं मिलती है, तब तक इसी तरह की व्यवस्था रहेगी। नगर परिषद कुल्लू की डंपिंग साइट पिरड़ी हाईकोर्ट के आदेश पर बंद होने के बाद नगर परिषद का कचरा मनाली के रांगड़ी कूड़ा संयंत्र जाता था। कचरा मनाली जाना बंद होने के बाद अब अस्थायी व्यवस्था के तहत सूखा कचरा बरमाणा भेजा जा रहा है।
यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि आखिर कब तक नगर परिषद की डंपिंग साइट की तलाश पूरी होती है। नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत का कहना है कि कूड़ा बरमाणा भेजने का प्रति ट्रक करीब 30,000 रुपये खर्च आ रहा है। शहरी विकास विभाग और सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर से आग्रह किया है कि किराये का समाधान करें, जिससे नगर परिषद को यह राशि न देनी पड़े। वहीं नगर परिषद के ईओ एवं तहसीलदार हरि सिंह यादव ने कहा कि तीसरे दिन ट्रक बरमाणा के लिए जा रहा है।