सैंज (कुल्लू)। एनएचपीसी के बिहाली स्थित कार्यालय में बुधवार को सैंज नदी में खतरे के स्तर तक भूमि अधिग्रहण और अन्य मुद्दों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। सैंज घाटी के हितधारकों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने की।
इस दौरान एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति अध्यक्ष राम सिंह मियां भी उपस्थित रहे। इस दौरान सैंज क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याओं की समीक्षा की गई। क्षेत्र में चल रहे राहत कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।
हितधारकों ने मांग रखी कि वर्ष 2023 और 2025 की आपदा में हुए नुकसान की भरपाई परियोजना प्रबंधन की ओर से की जाए। आपदा में प्रभावितों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। इसके साथ ही कई अन्य समस्याओं को भी परियोजना के समक्ष रखा। पार्वती परियोजना चरण-दो के महाप्रबंधक रंजीत और पार्वती परियोजना चरण-दो के महाप्रबंधक सुधीर कुमार नेगी ने अपनी बात रखी। इस दौरान गोविंद सिंह, मदन शर्मा, बुध राम, आकाश, तेजा ठाकुर आदि उपस्थित रहे। संवाद