बंजार (कुल्लू)। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर छेत के पास डंगा लगाने का काम पूरा होने के बाद पांच दिन से बंद सीधी बस सेवाएं बहाल हो गई हैं।
हाईवे पर बसों और बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होने से कुल्लू के बाह्य सराज के साथ बंजार, मंडी और शिमला जिले के लोगों को राहत मिली है।
21 अगस्त की शाम बारिश के कारण बंजार से करीब दो किलोमीटर आगे छेत के पास डंगा गिर गया था। इससे हाईवे-305 बसों समेत बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया था।
इसके चलते कुल्लू से आनी, रामपुर, गाड़ागुशैणी, खौली, छतरी, सोझा और घियागी समेत करीब 20 बस रूट प्रभावित हुए थे। कुछ रूटों को ट्रांसमिट कर चलाया गया, जिससे यात्रियों, कर्मचारियों और स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ी।
एनएच की ओर से अगले ही दिन डंगा लगाने का काम शुरू कर दिया गया था। पांच दिन बाद हाईवे को बसों और बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।
एनएच के अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने बताया कि हाईवे-305 पर बसों के साथ बड़े वाहनों की आवाजाही की अनुमति दे दी गई है। एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि हाईवे पर सीधी बस सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।