पनारसा कॉलेज में नशा मुक्ति विषय पर हुआ कार्यक्रम
विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन पर भी किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी।
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय पनारसा में वीरवार को जलवायु परिवर्तन एवं नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ। पहले सत्र में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मीना चौधरी ने विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन के कारणों और पर्यावरण एवं मानव जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न उपायों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
दूसरे सत्र में नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति विषय पर भाषण प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें सात विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशे के दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखे और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में धनवंती ने प्रथम, दमेश्वरी ने द्वितीय और रोहिणी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उरसेम लता सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नशे के खिलाफ जागरूक करना रहा।