कुल्लू। रथ मैदान की तरह अब ढालपुर का मेला मैदान भी हरा-भरा होगा। मैदान में नगर परिषद की ओर से हरी घास लगाई गई है। घास हरी-भरी होने से पहले ही खराब न हो इसके लिए मैदान में बाड़बंदी की गई है। घास को हरा-भरा रखने के लिए पानी भी दिया जा रहा है। कुल्लू दशहरा से पहले देवता बिजली महादेव, माता भागासिद्ध पीणी, माता पार्वती चौंग, माता दशमी वारदा, देवता ब्रिंडू काइस, देवता नारायण मेहा और भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर के आसपास हरियाली होगी।
बता दें कि कुल्लू दशहरा में आने वाले कई देवता मेला मैदान में बैठते हैं। कुछ देवता प्रदर्शनी मैदान और पुराने स्टेट बैंक वाले पार्क में विराजमान होते हैं।
मेला मैदान का आधा हिस्सा खाली रह गया था, जबकि अन्य में हरी घास लगी हुई है। दशहरा से पहलेे मैदान को हरा-भरा करने के लिए नगर परिषद ने शुरुआत की है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से मालरोड की तरफ निकलने वाले रास्ते के साथ नगर परिषद ने बाड़बंदी की हुई है। इससे किसी तरह के लावारिस पशु इसमें न घुस पाएं।
मालरोड पर स्टोन बिछाने के साथ ही नगर परिषद ने यहां पर लोगों की सुविधा के लिए बेंच भी लगाए हैं। शाम के समय ढालपुर के मालरोड पर अब काफी अधिक लोगों की भीड़ रहती है। इसके साथ ही नगर परिषद की ओर से प्रदर्शनी मैदान में वरिष्ठ नागरिकों को बैठने के लिए उपयुक्त स्थान बनाया जा रहा है।
...
नगर परिषद की ओर से शहर में विभिन्न विकासात्मक कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है। मेला मैदान को हरा-भरा बनाया जाएगा। इसके लिए घास लगाई गई है।
-गोपाल कृष्ण महंत, अध्यक्ष नगर परिषद कुल्लू