भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर तनावपूर्ण रहा माहौल, होली पर बाइक पर कुल्लू-मनाली आए थे श्रद्धालु
रायसन के पास भी लोगों से उलझे श्रद्धालु, होती रही गहमागहमी, काफी देर बाद शांत हुआ मामला
पर्यटन नगरी मनाली के मालरोड पर स्थानीय लोगों ने एक बाइक से उतरवाया भिंडरावाले का झंडा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। होली पर दो पहिया वाहनों में सवार होकर आए पंजाब के श्रद्धालुओं ने कुल्लू में दो दिन खूब हुड़दंग मचाया। इस दौरान ये श्रद्धालु स्थानीय लोगों के साथ उलझ पड़े। शनिवार को स्थानीय लोगों के साथ उलझते हुए श्रद्धालुओं ने भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर एक स्थानीय व्यक्ति पर तेजधार हथियार से वार कर दिया, जिससे उसे चोटें आई हैं।
इसके बाद माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण रहा। काफी देर बाद मामला शांत हुआ। इससे एक दिन पहले बजौरा में भी बाइक पर पंजाब से आए श्रद्धालु स्थानीय लोगों से भिड़ गए थे। मनाली के मालरोड पर स्थानीय लोगों ने एक बाइक से भिंडरावाले का झंडा उतार दिया। कुल्लू-नेशनल हाईवे तीन में रायसन के पास भी कुछ श्रद्धालु स्थानीय लोगों के साथ उलझ गए। किसी बात पर दोनों पक्षों में खूब गहमागहमी हुई। काफी देर बाद मामला शांत हुआ।
साडा बैरियर पर जबरदस्ती हटाया बैरिकेड, कर्मचारियों से उलझे
शुक्रवार को भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर कसोल में लगाए गए साडा बैरियर की बैरिकेड को पंजाब के श्रद्धालु ने जबरदस्ती हटा दिया। साडा बैरियर पर बाहर से आने वाले पर्यटकों का पंजीकरण होता है। उन्हें निर्धारित शुल्क देना होता है। बैरिकेड को इन श्रद्धालुओं ने जबरदस्ती हटा दिया और कर्मचारियों के साथ उलझ पड़े। सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों के साथ उलझने, साडा बैरियर में बैरिकेड हटाने का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
हालांकि, होली पर हर साल तरह की हुड़दंगबाजी देखने को मिलती है। एक साल पहले भी मणिकर्ण में पंजाब के पर्यटकों ने खूब हुड़दंग मचाया था। लोगों में पंजाब के श्रद्धालुओं की ओर से हुड़दंग मचाने पर नाराजगी है।
क्या कहते हैं एसपी
होली पर बहुत से लोग बाहरी राज्यों से धार्मिक स्थलों में आते हैं। जो भी गलत कर रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान लगातार डयूटी दे रहे हैं। स्थानीय लोगों जब भी ऐसा कुछ होता है, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।
डॉ कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन, एसपी, कुल्लू।