खराहल घाटी के आराध्य देवता माहुटी नाग रविवार को मणिकर्ण से शाही स्नान कर अपने देवालय लौटे। देवता करीब एक सप्ताह बाद कोट गांव स्थित अपने मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर देवता का भव्य स्वागत किया गया। देवता मणिकर्ण में शाही स्नान के लिए निकले थे। देवता ने 25 दिसंबर को मणिकर्ण में शाही स्नान किया था। इसके बाद देवता अपने देवालय की ओर निकले थे। इसी कड़ी में देवता माहुटी नाग ने चौहकी महादेव मंदिर में रात्रि विश्राम किया। जबकि, शनिवार को देवता पीणी गांव पहुंचे, जहां पर देवता के लिए देवभोज का भी आयोजन किया गया था।
देवता माहुटी नाग के कारदार लालचंद नेगी ने कहा कि देवता माहुटी नाग कोट स्थित अपने देवालय लौट आए हैं। देवता ने मणिकर्ण में देवविधि के अनुसार स्नान किया है। इस दौरान देवता के साथ सैकड़ों हारियान भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि देवता माहुटी नाग 22 दिसंबर को मणिकर्ण के लिए रवाना हुए थे। देवता ने गूर के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया।