रघुनाथ मंदिर में देवी-देवताओं के कारदारों ने चर्चा कर बनाई सहमति
लोगों को भी पशुओं को लावारिस न छोड़ने के लिए किया जाएगा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। देवभूमि में लावारिस पशुओं के लिए देव समाज आगे आएगा। भगवान रघुनाथ मंदिर में विभिन्न देवी-देवताओं के कारदारों की लावारिस पशुओं के संरक्षण को लेकर बैठक हुई। इस दौरान निर्णय लिया कि आगामी समय में देव समाज के साथ विशेष बैठकें की जाएंगी और ग्रामीणों को भी जागरूक किया जाएगा कि वे अपने पशुओं को सड़क पर न छोड़ें।
भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने कहा कि देवी-देवता भी कई बार लावारिस पशुओं के संरक्षण की बात कह चुके हैं, इसके बावजूद लोग पशुओं को खुला छोड़ने से नहीं मान रहे हैं। मनाली से लेकर आनी तक प्राकृतिक आपदा का भी लोगों को सामना करना पड़ा है, जिससे यहां पर करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि देवसमाज से जुड़े लोग लोगों से आग्रह करेंगे कि वे अपने पशुओं को लावारिस न छोड़ें। इसके अलावा देवी-देवताओं की ओर से जो आदेश दिया जाएगा, उसकी भी पालना की जाएगी। इस मौके पर जिला कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर भी मौजूद रहे। संवाद