शहर के ढालपुर बाजार में मूल्य सूची प्रदर्शित न करना तीन दुकानदारों को महंगा साबित हुआ। डीएफएससी कुल्लू शिव राम ने वीरवार को ढालपुर बाजार में निरीक्षण किया। इस दौरान तीन दुकानों में मूल्य सूची न होने पर विभागीय टीम ने फल और सब्जी जब्त किए। डीएफएससी की दबिश से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। ढालपुर बाजार में नियमों के पालन होने बारे जायजा लेने के लिए डीएफएससी कुल्लू शिव राम ने वीरवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ढालपुर बाजार में तीन दुुकानों में मौके पर रेट लिस्ट नहीं मिली। जिस पर विभागीय टीम ने दुकानों से करीब साढ़े आठ हजार रुपये की सब्जी व फल जब्त किए।
इस दौरान उन्होंने लापरवाह दुकानदारों को भविष्य में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। विभागीय टीम को आता देख आनन-फानन में कई दुुकानदारों ने मूल्य सूची प्रदर्शित कर दी। डीएफएससी ने ढालपुर बाजार में निरीक्षण के दौरान सभी दुकानदारों को मूल्य सूची प्रदर्शित करने का आग्रह किया। जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कत न हो। मूल्य सूची प्रदर्शित न करने वाले दुकानदारों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे और रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने बारे जवाबतलब किया जाएगा। डीएफएससी कुल्लू शिव राम ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान तीन दुकानों में रेट लिस्ट नहीं मिली है। जिस पर नियमानुसार सब्जी व फल जब्त किए गए हैं। दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाबतलब किया जाएगा। नियमों की अवहेलना को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी दुकानदारों से आग्रह किया है कि मूल्य सूची प्रदर्शित करना सुनिश्चित करें अन्यथा सख्त कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।