मानसून की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में बोली उपायुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने एनएचआई, बीआरओ और पीडब्ल्यूडी को सड़क के किनारे उचित निकासी नालियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस कारण मानसून में भारी बारिश के दौरान जलभराव और भूस्खलन जैसी समस्याएं पैदा न हों। इसके अलावा पंचायतों को भी स्थानीय स्तर पर निकासी नालियों की मरम्मत करने को कहा।
उपायुक्त ने जिला के सभी बांधों से पानी छोड़ने से पहले प्रशासन और पंचायतों को इसकी पूर्व सूचना देना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हूटर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। उन्होंने सभी एसडीएम, वन विभाग और जिला पर्यटन विकास अधिकारी को मानसून के दौरान ट्रैकिंग परमिशन पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
एसडीएम को भी समय पर अपने उप मंडलों में भी आगामी मानसून सीजन की तैयारियों पर बैठक और असुरक्षित और बाढ़ की दृष्टि से खतरनाक स्थानों की पहचान कर समय रहते सेटेलाइट फोन चार्ज रखने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि निरमंड उपमंडल में श्रीखंड यात्रा महत्वपूर्ण है और हजारों लोग यहां दर्शन करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं सुरक्षा तथा सुविधा के लिए एक पंजीकरण सॉफ्टवेयर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए उपमंडल स्तर पर अलग से बैठक आयोजित की जाएगी।