न्यूली (कुल्लू)। सैंज महाविद्यालय से बकशाल तक की क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक करने के लिए जेसीबी भेजने की मांग की है। इस संदर्भ में सैंज वैली विकास समिति के अध्यक्ष बुधराम ने एक मांगपत्र एनएचपीसी परियोजना चरण तीन के महाप्रबंधक को सौंपा है।
इसमें उन्होंने मांग की है कि बाढ़ आने से क्षतिग्रस्त हुई सड़क को ठीक करने के लिए जेसीबी मशीन भेजी जाए ताकि मार्ग से लोग वाहनों के माध्यम से आ-जा सकें।
उन्होंने बताया कि लोगों को मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उन्होंने प्रबंधन से आग्रह किया है कि पांच दिनों में जेसीबी लगाकर सड़क को ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को इससे काफी समस्या हो रही है। ऐसे में एनएचपीसी प्रबंधन की ओर से उन्हें आश्वासन दिया है कि इसको लेकर काम किया जाएगा।