धुुंधी क्षेत्र में बारिश होने से स्नो गैलरी के पास अचानक बढ़ा जल स्तर। संवाद
सोलंगनाला। ऊपरी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के चलते धुंधी के समीप नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे ब्यास भी उफान पर आ गई। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
मनाली-लेह मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से जारी है। धुंधी के समीप स्नो गैलरी क्षेत्र में नाले का जलस्तर बढ़ने के बाद भारतीय सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम एहतियात के तौर पर मौके पर तैनात कर दी गई है। टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके और यातायात बाधित न होने पाए।
प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने तथा केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की गई है। संवाद