पतलीकूहल (कुल्लू)। सेब सीजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कुल्लू फलोत्पादक मंडल ने उपायुक्त के साथ समन्वय बैठक बुलाने की मांग की है।
मंडल पदाधिकारियों ने उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा से आग्रह किया है कि सीजन शुरू होने से पहले सभी संबंधित विभागों और हितधारकों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, ताकि बागवानों की समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके।
फलोत्पादक मंडल कुल्लू के अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने कहा कि हर वर्ष सेब सीजन से पहले जिला प्रशासन की ओर से बैठक आयोजित की जाती है, जिसमें विभागों की जिम्मेदारियां तय करने के साथ सीजन के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की जाती है।
इस वर्ष भी समय रहते बैठक आयोजित करना आवश्यक है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, बागवानी विभाग, कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी), फलोत्पादक मंडल और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों व हितधारकों को बैठक में शामिल करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान कई संपर्क सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में परेशानी होती है। ऐसे में संवेदनशील सड़कों की मरम्मत और रखरखाव पहले से सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक में सड़कों की स्थिति, मंडियों की तैयारियां, परिवहन व्यवस्था, पैकिंग सामग्री की उपलब्धता, यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि सेब सीजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने कहा कि सेब जिला की आर्थिकी की रीढ़ है और इससे बागवानों के साथ-साथ सरकार को भी राजस्व प्राप्त होता है। इसलिए सीजन को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए पहले से तैयारियां करना जरूरी है। फलोत्पादक मंडल ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन जल्द बैठक बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।