पतलीकूहल (कुल्लू)। मनाली विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। यह बात स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कटराईं विश्राम गृह में जनसमस्याएं सुनते हुए कही।
विधायक ने इस दौरान लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कई समस्याओं का मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान करवाया। जनता ने विधायक के समक्ष नग्गर-बरनोट सड़क की खराब स्थिति का मामला उठाया।
इस पर विधायक ने सड़क की मरम्मत के साथ क्षेत्र की अन्य सड़कों को भी दुरुस्त करने की बात कही। बैठक में लोक निर्माण विभाग और वन विभाग से जुड़े विकास कार्यों, लंबित निर्माण कार्यों, वन स्वीकृतियों से संबंधित मामलों सहित स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।