सैंज (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैला के एसएमसी अध्यक्ष झाबे राम ने शिमला में शिक्षा निदेशक से भेंट की। इस दौरान उन्होंने स्कूल में चल रही शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों की कमी को लेकर ज्ञापन सौंपा है। बताया कि स्टाफ के अभाव में स्कूल में पढ़ रहे 162 विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लगा है।
कहा कि स्कूल में लंबे समय से आठ पद रिक्त हैं। उन्होंने इन पदों को भरने की गुहार लगाई। कहा कि स्कूल में प्रवक्ता अंग्रेजी, प्रवक्ता कंप्यूटर साइंस, शारीरिक शिक्षक और शास्त्री के अलावा गैर-शिक्षण में वरिष्ठ सहायक, लिपिक, चौकीदार और पीटीडब्ल्यू शामिल हैं। एसएमसी अध्यक्ष ने कहा कि स्कूल की इस बदहाली और रिक्त पदों की विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री को भी भेजी जाएगी। उन्होंने मांग की है कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक सत्र से पहले इन पदों पर नियुक्ति की जाए। संवाद