जिला भर से टीमें क्रिकेट प्रतियोगिता में होगी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुशैणी (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के भिंडी थाच मैदान में 7 अप्रैल से बलिदानी लगन चंद मेमोरियल क्रिकेट कप का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में जिलेभर की टीमें भाग लेंगी। आयोजन समिति के अनुसार विजेता टीम को 1,75,000 रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 88,000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को भी 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश, उपाध्यक्ष निक्का राम और सचिव मनोहर लाल (भोजू) ने खिलाड़ियों से समय पर पंजीकरण कराने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, उन्हें सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करना तथा क्षेत्र में खेल और पर्यटन को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण फेसबुक और यूट्यूब के माध्यम से किया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए ठहरने की निशुल्क व्यवस्था और भोजन की उचित सुविधा भी समिति की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। संवाद