तांदी संगम को जनजातीय धरोहर बनाने और बजट की व्यवस्था करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। भाजपा अनुसूचित जनजातीय मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जवाहर शर्मा ने एसटी कमीशन की सदस्य आशा लाकड़ा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने संसारी-तांदी सड़क के निर्माण के लिए अधिगृहित की जा रही किसानों के भूमि का उचित सर्किल रेट देने का मामला केंद्र सरकार से उठाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा है कि लाहौल-स्पीति में जमीन की खरीद-फरोख्त कम होने से यहां का सर्किल रेट बेहद कम है। केलांग के समीप गुमरंग कोठी के सर्किल रेट के मुताबिक जमीन का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने एफआरए और पेसा एक्ट को प्रभावी तरीके से लागू करने की भी मांग की। हिमाचल के जनजातीय इलाकों में एफसीए एक्ट 1980 को निरस्त कर लोगों को नौतोड़ भूमि देने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
उधर, गौशाल पंचायत प्रधान एवं भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह ने डॉ. आशा को मांगपत्र सौंपकर तांदी स्थित चंद्रभागा संगम को जनजातीय धरोहर घोषित करने की मांग की। मांग की कि केंद्र से धार्मिक स्थल को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप ने विकसित करने के लिए बजट की व्यवस्था की जाए।