बरसात की बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई कुल्लू मनाली वामतट सड़क ।-संवाद
बंजार (कुल्लू)। घाटी की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। डीआर जोशी प्रवक्ता इंटक हिमाचल प्रदेश, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ बंजार के पूर्व अध्यक्ष खून राम खुल्ली और बंजार इंटक के अध्यक्ष नवल किशोर चौहान ने प्रदेश सरकार से बंजार क्षेत्र की बदहाल सड़कों को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में आई प्राकृतिक आपदा के कारण बंजार क्षेत्र की कई सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। एक वर्ष बीत जाने के बावजूद कई सड़कें अभी तक बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी हैं। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में सेब और सब्जियों का सीजन चल रहा है लेकिन कई इलाकों में सड़कें खराब होने के कारण बड़े वाहन बगीचों और खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में किसानों और बागवानों को अपनी उपज छोटी गाड़ियों के माध्यम से मंडियों तक पहुंचानी पड़ रही है। इससे परिवहन खर्च बढ़ गया है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बंजार क्षेत्र की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कर उन्हें बसों और अन्य बड़े वाहनों के चलने योग्य बनाया जाए।