मौसम खुलने के बाद हालांकि पिछले तीन दिनों से जनजातीय इलाकों के लिए हेलीर्काप्टर की लगातार उड़ान हो रही है। लेकिन कुछ ऐसे भी हेलीपैड हैं जहां पर अभी तक एक भी उड़ान नहीं हो सकी है। सिस्सू हेलीपैड पर एक गर्भवती महिला को उड़ान का इंतजार है। मामले को लेकर लाहौल-स्पीति भाजपा ने जिला प्रशासन और हिमाचल सरकार से सिस्सू हेलीपैड के लिए तत्काल उड़ान करने की मांग की है।
जिला भाजपा के सचिव संजीव कुमार और क्षेत्र से पूर्व जिप सदस्य रही सोमन छोकिद ने बताया कि गोंपाथांग की 32 वर्षीय शकुंतला गर्भवती है। सिस्सू में तैनात डॉक्टर ने सुरक्षित डिलीवरी के लिए उन्हें कुल्लू रेफर किया है। संजीव कुमार ने बताया कि इससे पहले भी उड़ान समय पर नहीं होने से पिछले साल एक महिला का स्तींगरी हेवीपैड पर ही प्रसव हो गया था। जबकि, मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक शकुंतला की डिलीवरी डेट फरवरी के प्रथम माह में तय है।
सोनम छोकिद ने कहा कि घाटी में एक भी गायनी विशेषज्ञ तैनात नहीं होने से डिलीवरी के दौरान महिलाओं की जान संकट में पड़ जाती है। उन्होंने प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि नए शेड्यूल में सिस्सू के लिए प्राथमिकता के आधार पर हेलीकाप्टर की उड़ान करवाई जाए। उधर, कुल्लू उड़ान समिति के प्रभारी योगराज धीमान ने बताया कि उनके कार्यालय ने लाहौल के विभिन्न हेलीपैड के लिए आवेदन करने वाले यात्रियों की सूची जिला प्रशासन को भेज दी है। यहां से इस सूची को शिमला भेजा जाएगा। इसी के आधार जीएडी और जनजातीय विकास विभाग शेड्यूल जारी करेगा।