भुंतर (कुल्लू)। भुंतर में सिविल पेंशनर एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन के भुंतर खंड की बैठक में वर्ष 2016 के बाद और 2021 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई गई।
बैठक में चिकित्सा भत्ते की राशि जल्द जारी करने, जीवन प्रमाण-पत्र की पुरानी व्यवस्था जारी रखने और पेंशनरों की लंबित मांगों पर सरकार से जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। बैठक प्रधान योगराज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसका शुभारंभ गायत्री मंत्रोच्चारण से हुआ। समापन शांति पाठ के साथ किया।
बैठक का संचालन खंड महासचिव रामलाल शर्मा ने किया। बैठक में प्रदेश वरिष्ठ प्रधान एवं जिला कुल्लू के प्रधान सेसराम ठाकुर, जिला महासचिव मोहर सिंह सीस, जिला वरिष्ठ उपप्रधान गिरधारी लाल डोगरा विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
इस दौरान महासचिव अमर सिंह ठाकुर ने सरकार द्वारा जारी एरियर भुगतान, चिकित्सा भत्ता में किए गए प्रावधान और पेंशनरों को डिजिटलाइजेशन संबंधी जानकारी विस्तार से दी।
इसके बाद जिला प्रधान सेसराम ठाकुर ने कहा कि पेंशनरों के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान किया जाए। उन्होंने सरकार से चिकित्सा भत्ते की राशि भी जल्द जारी करने की मांग की।
भुंतर खंड वित्त सचिव टार्जन शर्मा ने सदस्यों को जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जनरेट करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं, खंड प्रधान योगराज शर्मा ने सरकार से पुराने तरीके से भी जीवन प्रमाणपत्र स्वीकार करने की व्यवस्था जारी रखने का आग्रह किया।
उन्होंने चिकित्सा बजट के प्रावधान का स्वागत करते हुए सभी पेंशनरों की देय राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
इस दौरान छिमे अंगमो, सत्या ठाकुर, जिला सह सचिव गुरजीत सिंह, भुंतर खंड उपप्रधान महेंद्र डोगरा, आयोजन सचिव नारायण दास, जिला वित्त सचिव बहादुर सिंह और अन्य सदस्यों ने भाग लिया।