बुधवार सुबह भूस्खलन होने की चपेट में आने क्षतिग्रस्त हुआ प्राइमरी स्कूल बालू का भवन।संवाद
कुल्लू। सैंज घाटी में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। इससे सड़कें अवरुद्ध हो रही हैं। घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। घाटी के बकशाहल में भी एक मकान की छत पर मलबा गिर गया। इससे मकान खतरे में आ गया है।
जानकारी है कि बारिश के कारण मकान के पीछे पहाड़ी से भूस्खलन होना शुरू हुआ। इस कारण मकान की छत पर काफी मात्रा में मलबा और पत्थर आ गए हैं। मकान सैंज वैली विकास समिति के अध्यक्ष बुध राम का है। उन्होंने बताया कि मलबा आने से मकान खतरे में पड़ गया है। अगर और मलबा आता है तो मकान को ज्यादा नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भूस्खलन को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। इसके अलावा घाटी में और स्थानों में भी भूस्खलन से घरों को खतरा बना हुआ है। सड़कें भी भूस्खलन के कारण जगह-जगह बंद पड़ी हैं। घाटी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संवाद