कुल्लू। अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे एक 18 साल के युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है। युवक जिला मुख्यालय ढालपुर में दौड़ का अभ्यास कर रहा था कि चक्कर आने से बेहोश हो गया।
अस्पताल पहुंचाने पर युवक को मृत घोषित कर दिया गया। मामला बुधवार सुबह का है। पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार विक्रांत ठाकुर पुत्र धर्म चंद निवासी बदलोगी, डाकघर न्यूली तहसील एवं जिला कुल्लू अपने अन्य साथियों के साथ ढालपुर में दौड़ का अभ्यास कर रहा था।
इस दौरान उसे चक्कर आ गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित किया। इसकी सूचना कुल्लू थाना में दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पोस्टमार्टम में युवक की मौत का कारण दिल का दौरा पड़ने की बात सामने आई है। एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि अग्निवीर की तैयार कर रहे एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद