रोहतांग दर्रे के समीप राहला नाले से सटी झील में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक सावन माह में अपने दोस्तों के साथ पवित्र झील में स्नान करने गया था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें रोहतांग के समीप राहला नाले के साथ लगती झील में युवक के डूबने की सूचना मिली। यह युवक अपने दोस्तों के साथ झील में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि युवक के दोस्तों को तैरना आता था, लिहाजा उन्होंने झील में छलांग लगा दी।
उनकी देखादेखी में यह युवक भी झील में कूद गया। एक तो झील का पानी ठंडा था और ऊपर से युवक को तैरना भी नहीं आता था। जब उसने डूबने से बचाने के लिए दोस्तों की मदद मांगी तो पहले तो उन्होंने इसे मजाक समझा और बाद में स्थिति की गंभीरता को देखकर दोस्त हरकत में आए।
लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक की पहचान मनाली के कोठी गांव निवासी गोकल (28) के रूप में हुई है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को केंद्र में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।