जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के चौहकी गांव में मृत मिले युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक सप्ताह पूर्व मणिकर्ण की पहाड़ियों से इसके चार साथियों ने इसे ढांक से नीचे फेंक दिया था। शिनाख्त के लिए हरियाणा पुलिस सहित परिजन भी बुधवार को कुल्लू पहुंचे और शव की पहचान की।
शव की पहचान 26 साल के प्रदीप पुत्र महावीर निवासी सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है। बताया कि मृतक युवक हरियाणा से लापता हुआ था और मणिकर्ण घूमने आया था। यहां पर इसकी दोस्तों के साथ कहा सुनी हो गई जिसके बाद इसके चार साथियों ने इसकी हत्या कर इसे यहां फेंक दिया था। शव की शिनाख्त होने के बाद अब पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेजा दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू एनएस नेगी ने बताया कि हरियाणा पुलिस कुल्लू आई थी और शव की पहचान की। नेगी ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जायेगी।