कुल्लू। जिले के पांचों उपमंडलों कुल्लू, मनाली, बंजार, आनी और निरमंड में दिव्यांगजनों की पहचान की गई है। इसके लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। अब रेडक्रॉस सोसायटी कुल्लू चयनित दिव्यांगजनों की सहायता कर रही है। सोमवार को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा मुख्यातिथि रहे, जबकि उपमंडलाधिकारी डॉ. जयबंती ठाकुर और रेडक्रॉस सोसायटी कुल्लू के चंद्रकेश विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा और उपमंडलाधिकारी डॉ. जयबंती ठाकुर ने चयनित 150 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण सोयायटी की मदद से वितरित किए। सहायक उपकरण मिलने पर दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। रेडक्रॉस सोसायटी कुल्लू के चंद्रकेश ने कहा कि दिव्यांगजनों की पहचान के लिए चार माह में विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए थे। इनमें चयनित 150 लाभार्थियों को सोमवार के दिन सहायक उपकरण प्रदान किए गए हैं। संवाद