जिले में 1,923 ट्रांसफार्मर पड़े हैं बंद
कामकाज प्रभावित, बढ़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में पिछले 27 घंटों से ब्लैक आउट है। इससे लोगों के आवश्यक कामकाज पूरा दिन प्रभावित रहे। लोगों को बिना बिजली दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गौर रहे कि गत वीरवार को दोपहर बाद शहर में बिजली गुल हो गई है। इसके बाद बिजली बोर्ड शहर में बिजली बहाल करने में नाकाम रहा है। लोग बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। बिजली न होने से किसी भी तरह के सरकारी और गैर-सरकारी काम और आवश्यक प्रमाण-पत्र बनाने संबंधी काम नहीं हो पाए।
हालांकि, जिला कुल्लू में बिजली बोर्ड के कुल 2,612 ट्रांसफार्मर हैं। इनमें बोर्ड के महज 689 ट्रांसफार्मर ही सुचारू हैं। अन्य 1,923 ट्रांसफार्मर बंद हैं। इन्हें गत 25 अगस्त से बोर्ड बहाल नहीं कर पाया है। बिजली न होने से बंजार, सैंज, लगघाटी में अधिकतर ट्रांसफार्मर बंद हैं। गत दिनों से जिला मुख्यालय के साथ सटे ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली गुल है। शहरवासी सौरव, आकाश, मोहित, राकेश, अश्वनी, राहुल और प्रदीप ने कहा कि गत वीरवार को दोपहर 03:00 बजे के करीब बिजली गुल हुई है। इसके बाद से न रात और न दिन को बिजली आई है। इससे हर तरह के आवश्यक कामकाज प्रभावित हुआ। जब बिजली बोर्ड शहर में ही बिजली बहाली का काम एक दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नहीं कर पाया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बहाली का काम बोर्ड किस गति से कर रहा होगा। उधर, बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता आरएस ठाकुर ने कहा कि कर्मचारी बिजली बहाली का काम कर रहे हैं।