मनाली के अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर सोमवार को हो रही हल्की बर्फबारी।-संवाद
स्नो चेन लगे वाहनों में सफर कर सकेंगे सैलानी, समयसारिणी भी तय
पर्यटकों के लिए तय किया है सुबह दस से शाम 4 बजे तक समय
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों के लिए अच्छी खबर है। दारचा-शिंकुला सड़क एक बार फिर से फोर बाई फोर वाहनों के लिए खोल दी है।
अब पर्यटक दारचा-शिंकुला मार्ग पर दारचा से 27 किलोमीटर आगे तक फोर बाई फोर स्नो चेन लगे वाहनों के साथ सफर कर सकते हैं। प्रशासन ने इसके लिए समयसारिणी भी निर्धारित कर दी है। पर्यटकों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक समय निर्धारित किया है।
स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि आमजन की मांग पर दारचा-शिंकुला मार्ग पर 27 किलोमीटर आगे तक फोर बाई फोर वाहनों को भेजने के लिए प्रशासन को निर्देश दिए थे। अब इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। बता दें कि इस बार शिंकुला टाॅप टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में उभरकर सामने आया है। इससे पर्यटन से जुड़े स्थानीय कारोबारियों में भी काफी उत्साह है। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने घाटी आने वाले सभी पर्यटकों से आह्वान किया है कि वे इस ओर मौसम को भांप कर ही अपनी यात्रा पर निकलें। उन्होंने घाटी आने वाले सभी पर्यटकों से नदी के किनारे न जाने की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिकतर पर्यटक सड़क पर जमी बर्फ में चलने को लेकर अंजान हैं। ऐसे में पर्यटकों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।