मौसम के बदलते मिजाज को लेकर गर्म कपड़े खरीदने के लिए जुटी लोगों की भीड़
ढालपुर मालरोड में सुबह से शाम तक लगा रहा खरीदारी करने वालों का जमावड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। कड़ाके की ठंड और बदलते मौसम के बीच कुल्लू के ढालपुर मालरोड पर रविवार को एक दिन का अस्थायी बाजार सजा। सुबह 8 बजे से सजे इस बाजार में धीरे-धीरे भीड़ जुटनी शुरू हुई।
दोपहर 12 बजे तक मालरोड के दोनों ओर सैकड़ों लोग जुट गए। खासकर गर्म कपड़े और जूते खरीदने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ती रही।
जिस तरह से घाटी में अब मौसम बरसने को तैयार है, उससे उन लोगों ने भी इस बाजार से गर्म कपड़े खरीदे जिन्होंने अब तक नहीं खरीदे थे। रविवार को सजे इस बाजार में पुराने गर्म से लेकर नए कपड़े भी दुकानदारों ने सजाए रखे। इसके साथ इस बाजार में 350 रुपये में जूते की सेल लगी रही और लोगों ने इस दौरान इस छूट का फायदा उठाकर खरीदारी की। गर्म कपड़े भी बाजार से आधे दामों पर उपलब्ध रहे। इस कारण लोगों के लिए यह बाजार लोगों के लिए दिनभर आकर्षण का केंद्र बना रहा।
हर रविवार को सजता है बाजार
ढालपुर मालरोड के दोनों छोर में हर बार रविवार को एक दिन का अस्थायी बाजार सजता है। इसमें काफी संख्या में लोग खरीदारी के लिए जुटते हैं। इस बार रविवार को पिछली बार की अपेक्षा काफी ज्यादा भीड़ जुटी। इसके चलते यहां दुकान लगाकर बैठक कारोबारी भी खुश नजर आए। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बर्फबारी होने से पहले गर्म कपड़े खरीदने का मौका मिला।
संडे बाजार से गरीब लोगों की जरूरतें पूरी होती हैं। मालरोड में लगे बाजार में दिनभर लोगों ने खरीदारी की। इसमें वस्तुएं सस्ते दाम पर मिलती हैं। हमने भी गर्म कपड़े खरीदे। - पृथ्वी सिंह, खराहल
अस्थायी बाजार में हर वर्ग के लोग खरीदारी कर रहे हैं। रविवार को दिनभर लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार गरीब वर्ग के लिए भी फायदेमंद है। उनकी जरूरत का सामान सस्ते में मिल रहा है। - भगत सिंह, कुल्लू