कुल्लू में भूतनाथ मदिंर में भजनों पर झूमती महिलाएं।-संवाद
भूतनाथ मंदिर में शिव महापुराण कथा का आयोजन, खीर का भंडारा लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सावन माह के अंतिम दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ जुटी। भूतनाथ मंदिर कुल्लू में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर प्रबंधन ने शिव महापुराण कथा का आयोजन किया और अंतिम दिन खीर भंडारा लगाया। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे को प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार सावन के पूरे महीने में मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती रही और मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त करते रहे।
लिहाजा, विगत शुक्रवार को मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती रही और श्रद्धालु शिव लिंग पर दूध और बेल पत्र अर्पित करते रहे। उसके बाद मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर माहौल को पूरी तरह से भक्तिमय बना दिया। शिव भजनों पर महिलाओं ने नृत्य किया। वहीं, इसी तर्ज पर बिजली महादेव मंदिर में भी सुबह से भक्तों का आना जाना लगा रहा। लोगों ने मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया, जबकि बजौरा स्थित शिव मंदिर में भी अंतिम दिनों में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ जुटी। गौरतलब है कि सावन महीने में लोग शिव मंदिर में जाकर हर साल लोग आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इसी कड़ी में इस बार भी जिला के साथ दूसरे जिलों और राज्यों के लोगों ने भी जिला कुल्लू के शिवालयों में आकर आशीर्वाद प्राप्त किया।