अटल सदन कुल्लू में ‘द डॉल’ नाटक का मंचन करते रंगकर्मी। -स्रोत : डीपीआरओ
कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित अटल सदन कुल्लू के ऑडिटोरियम में मंगलवार को क्रोएशियाई नाटक ‘द डॉल’ का मंचन किया गया। नाटक में कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा।
नाटक का मूल आलेख अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नाटककार मीरो गावरान ने लिखा है और इसका नाट्य रूपांतरण सौरभ श्रीवास्तव ने किया है। मुख्य भूमिकाओं में रूपेश भीमटा और येशवी भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन किया। येशवी ने नाटक की मुख्य भूमिका ‘द डॉल’ का किरदार निभाया।
द डॉल एक 39 वर्षीय व्यक्ति की कहानी है, जिसकी प्रेमिका उसे छह साल के लिव-इन रिश्ते के बाद छोड़ देती है, क्योंकि वह शादी और बच्चे के प्रति अनिच्छा दिखाता है। अकेला रह जाने पर वह एक महिला एंड्राइड डॉल के साथ रहने लगता है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पुरुषों को खुश करने के लिए डिजाइन किया गया है। नाटक में व्यक्ति और डॉल के बीच की चंचल और हास्यास्पद स्थितियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
व्यक्ति को धीरे-धीरे एहसास होता है कि उसकी प्रेमिका को छोड़ने के पीछे की गलतियां वही थीं जिनकी वजह से उसे छोड़ना पड़ा। इस भावनात्मक यात्रा ने दर्शकों को गहराई से छू लिया। नाटक के मंचन के दौरान रोहित कंवल, दीपिका राय, रोहित सिंह परमार, ऋषि राय, राखी, और केदार ठाकुर समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।