कुल्लू। जिला कुल्लू में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए जिला में दो क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण करने की योजना है। जिला मुख्यालय कुल्लू में तय मानकों के अनुरूप उचित स्थान न मिलने के कारण अब इस ब्लॉक का निर्माण नागरिक अस्पताल तेगूबेहड़ में किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने पहले क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण के लिए निरीक्षण के बाद क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के परिसर में स्थान चिह्नित किया था लेकिन जगह कम होने की वजह से अब इसे कुल्लू से तेगूबेहड़ के लिए शिफ्ट करना पड़ा है।
हालांकि, पर्यटन नगरी मनाली में स्थित नागरिक अस्पताल में क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित कर दिया गया है। इसमें मरीजों का उपचार किया जा रहा है, लेकिन जिला मुख्यालय में स्थान और उपयुक्त जगह के फेर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक फाइलों में घूम रहा है लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग ने क्रिटिकल केयर ब्लॉक को नागरिक अस्पताल तेगूबेहड़ में बनाने का फैसला किया है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में तय मानकों के अनुसार स्थान कम पाया गया है, जिस वजह से अस्पताल परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि अब ब्लॉक नागरिक अस्पताल तेगूबेहड़ में बनाया जाएगा।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में ये मिलेंगी सुविधाएं
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए बहुमंजिला क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। इनमें कैंसर, हृदय, ब्रेन हेमरेज, न्यूरो की समस्या और आपात स्थिति में आए गंभीर बीमारियों के मरीजों का उपचार किया जाएगा। चिकित्सकों की तैनाती के साथ सभी प्रकार की मशीनें लगाई जाएंगी। इसमें आईसीयू, आइसोलेशन बेड के अलावा वेंटिलेटर और ऑक्सीजन जैसी सुविधाएं भी होंगी। इसके लिए अलग से चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी और मरीज की सामान्य चिकित्सा, पीआईसीयू, गहन नर्सिंग देखभाल, हृदय गति, श्वास और रक्तचाप जैसी समस्याओं की निरंतर निगरानी की जाएगी।