व्यापार मंडल सैंज की आपात बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और सदस्य। -संवाद
सैंज (कुल्लू)। पिन पार्वती नदी के दोनों किनारों पर चल रहे तटीकरण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मापदंडों पर व्यापार मंडल सैंज ने कड़ी आपत्ति जताते हुए विरोध जताया है। इसको लेकर व्यापार मंडल सैंज ने मंगलवार को कमला माता मंदिर के प्रांगण में आपात बैठक की। इस बैठक में व्यापारी समुदाय ने निर्माण कार्य में मनमानी करने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
व्यापार मंडल सैंज के अध्यक्ष झाबे राम ठाकुर ने बताया कि सैंज बाजार के राइट और लेफ्ट बैंक पर जल शक्ति विभाग द्वारा 3.72 करोड़ रुपये और दो करोड़ रुपये की लागत से तटीकरण कार्य स्वीकृत किया गया है। हालांकि आपदा के करीब डेढ़ वर्ष बाद इसका आरंभ हुआ। मगर अब निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार सैंज के माध्यम से उपायुक्त कुल्लू को भेजे गए ज्ञापन पर कार्रवाई न होने पर यह आपात बैठक की गई।
व्यापार मंडल के महासचिव लीलाधर चौहान, उपाध्यक्ष कमल देव, खेवा राम, राजीव लोचन, कोषाध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पंचायत देवगढ़ गोही के प्रधान केशव राम समेत अन्य सदस्यों ने कार्य की गुणवत्ता को लेकर जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने विभाग को घेरने की रणनीति अपनाई जाएगी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि तटीकरण कार्य में सुधार नहीं होता, तो व्यापार मंडल आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करेगा।