धार्मिक नगरी मणिकर्ण से सटे जंगल की ओट में बसे कटागला गांव में चल रही रेव पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा है। 80 के करीब देशी-विदेशी पर्यटक नशे में चूर होकर डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। पुलिस ने इस रेव पार्टी के आयोजन के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मणिकर्ण पुलिस चौकी में तैनात एसआई दयाराम ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बहुत से विदेशी गुपचुप तरीके से कटागला में जमा हो रहे हैं। लिहाजा, पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से रेव पार्टी के सही स्थान और आयोजक का पता लगाकर रेव पार्टी पर धावा बोल दिया। पुलिस को देख किसी शातिर ने फिल्मी अंदाज में लाइट ऑफ कर दी। इससे कुछ नशेड़ी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने इस रेव पार्टी को लेकर कुछ सामान जब्त किया है। मामले की छानबीन जारी है। वहीं आयोजक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
एसपी पदम चंद ने बताया कि मणिकर्ण को चंद पैसों के लालच के लिए नशे का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो रोज पहले उन्होंने स्वयं पुलिस टीम के साथ कसोल से नशे की खेप बरामद की थी। उन्होंने स्थानीय लोगों को आगाह किया है कि थोड़े से लालच के लिए कानून और जमीर से समझौता न करें।