विश्व-विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के समीप सोयल गांव में धारदार हथियार से युवक का मर्डर किए जाने का मामला सामने आया है। इस वारदात को मृतक के साथी ने सोयल के जंगल में अंजाम दिया। आरोपी ने बेरहमी से युवक की हत्या करके उसके अंग नाले में फेंक दिए हैं। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी पदम चंद ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक मनाली थाना में हत्या का केस दर्ज किया गया है। सोयल निवासी 32 वर्षीय लक्ष्वीर उर्फ राजू गत शुक्रवार को गांव के ही एक दोस्त के साथ सोयल के जंगल की ओर गया था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। जबकि लक्ष्वीर का दोस्त जंगल से लौटकर अपने घर पहुंच गया। जब उससे लक्ष्वीर के बारे में पूछा गया तो वह संतोषजनक जबाव नहीं दे पा रहा था। लिहाजा परिजनों ने शक के आधार पर मनाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को गांव में देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने लक्ष्वीर को दराट से मौत के घाट उतारने के वाद बेरहमी से कुछ अंगों को काटकर जंगल से होकर बह रहे नाले में फेंक दिया। छानबीन के दौरान पुलिस को मौके से लाश बरामद हो गई है। उसके सिर पर दराट से वार किया गया है। एसपी पद्म चंद ने बताया कि पुलिस ने दफा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।