रोपा सैंज में बोलेरो गाड़ी में लदे 36 अवैध लकड़ी के नगों की बरामदी के मामले में अभी तक लकड़ी के तस्कर वन विभाग की टीम के हाथ नहीं लगे हैं।
इन तस्करों से हाल ही में नेशनल पार्क वन मंडल शमशी की टीम ने अवैध लकड़ी पकड़ी थी। हैरानी की बात यह है कि नेशनल पार्क वन मंडल की टीम ने गाड़ी को अपने कब्जे में तो ले लिया है, लेकिन फरार चालक और अन्य व्यक्ति को ढूंढ निकालने में देरी क्यों हो रही है, यह एक बड़ा सवाल है। हालांकि, यह गाड़ी अनवर अली पुत्र लाल हुसैन जिला मंडी के नाम है। इसके बावजूद तस्करों को पकड़ न पाना पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है। गौरतलब है कि हाल ही में नाके के दौरान नेशनल पार्क वन मंडल की टीम ने बोलेरो गाड़ी से 36 देवदार के नग बिना हैमर मार्क के लदे हुए बरामद किए थे।
हालांकि, इस दौरान विभाग की टीम ने तस्करों को दबोचने की कोशिश तो की थी लेकिन टीम पूरी तरह से असफल रही और तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। लिहाजा, शनिवार तक वन विभाग और पुलिस टीम फरार तस्करों को पकड़ नहीं पाई है। उधर, इस संदर्भ में नेशनल पार्क वन मंडल अधिकारी शमशी डॉ. कृपा शंकर एम ने बताया कि देवदार समेत गाड़ी उनके कब्जे में है। विभाग की टीम ने वन अधिनियम के तहत फरार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाकर कार्रवाई तेज कर दी है।