बंजार (कुल्लू)। सार्वजनिक पूर्वाग्रह अधिनियम के तहत मंडल आयुक्त मंडी के निर्देशानुसार बंजार अस्पताल की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटा दिया है। दूसरे दिन मंगलवार को भी राजस्व विभाग ने कार्रवाई जारी रखते हुए सभी नौ अवैध कब्जों को छुड़ाया। एक तीन मंजिला मकान व उसमें चल रही दों दुकानों को सील कर दिया है।
कुछ रिहायशी मकानों के हिस्से भी अस्पताल की जमीन में बनाए गए थे, उन्हें तोड़ दिया है। पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व विभाग ने इस प्रक्रिया को पूरा किया। प्रशासन की ओर से अवैध कब्जों पर की गई सख्त कार्रवाई से पूरे उपमंडल में हड़कंप मच गया है। हालांकि राजस्व विभाग ने एक माह पूर्व सभी नौ लोगों को नोटिस भेजकर सरकारी जमीन को छोड़ने को कहा था। राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड व आईपीएच विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मंगलवार को पुलिस बल लेकर तहसीलदार विपिन शर्मा की अगुवाई में अवैध कब्जों को हटाने के लिए पहुंचे। तहसीलदार विपिन शर्मा ने बताया कि अस्पताल की जमीन पर बने सभी नौ अवैध कब्जों को हटा दिया है। इसमें कुछ भवनों को तोड़ने के अलावा एक तीन मंजिला मकान को सील किया, जिसमें दो दुकानें भी थी। निशानदेही कर स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ रमेश लाल शर्मा को कब्जे सौंपे।