कुल्लू। जिला मुख्यालय के प्रवेश द्वार भुंतर में आठ साल की बच्ची के साथ दुराचार के बाद उसकी हत्या के मामले में पुलिस ने अब संदिग्ध का स्कैच जारी कर दिया है। संदिग्ध को लेकर सूचना देने वालों को पुलिस की ओर से उचित ईनाम भी दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान भी गुप्त रखी जाएगी। करीब डेढ़ माह बाद पुलिस के हाथ कुछ अहम सबूत लगे हैं।
घटना को अंजाम देने वाला संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस ने छानबीन के बाद अब संदिग्ध का स्कैच जारी कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भुंतर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया है। जिसमें पारला भुंतर में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में बच्ची समेत एक अन्य नाबालिग भी नजर आई है। इसके अलावा एक युवक सीसीटीवी कैमरे की कैद में आया है। ऐसे में पुलिस इसी सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आगामी कार्रवाई कर रही है। एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि पुलिस ने भुंतर में आठ साल की बच्ची के साथ रेप व हत्या मामले में एक संदिग्ध का स्कैच जारी किया है। जिसे प्रदेश के सभी पुलिस चौकी, थानों व अन्य जगहों पर भेजा गया है। वारदात से करीब 100 मीटर की दूरी पर यह संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध की सूचना देने वालों को पुलिस की ओर से उचित ईनाम दिया जाएगा। वहीं उनकी पहचान भी गुप्त रखी जाएगी।