अमर उजाला ब्यूरो
भुंतर (कुल्लू)। वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए नगर पंचायत भुंतर सख्त हो गई है। प्रथम चरण में सोमवार को नगर पंचायत भुंतर के वार्ड नंबर छह से तीन अवैध खोखो को हटाया गया है। नपं ने पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की है। शहर में अवैध कब्जों को हटाने को लेकर छेड़ी मुहिम से लोगों में हड़कंप मच गया है।
अन्य अवैध कब्जों की पहचान कर इन्हें भी जल्द हटाया जाएगा। बरसात के दिनों में खोखन नाले में आई बाढ़ के कारण भुंतर शहर में भारी नुकसान हुआ था। खोखन नाले पर लोगों की ओर से अवैध कब्जे कर उसका आकार छोटा कर दिया था। इसके कारण बाढ़ का पानी नाले के बजाय बाजार में आ गया। इससे दुकानदारों व भुंतरवासियों को नुकसान उठाना पड़ा। बाढ़ से हुई तबाही के बाद भी खोखन नाले में अवैध कब्जों का सिलसिला नहीं रुका और लोगों ने रातोंरात हर कहीं अवैध खोखे बना कर कब्जा कर दिया था। नगर पंचायत के पास इसकी शिकायत भी आने लगी थी। ऐसे में अब नगर पंचायत भुंतर ने सख्त रुख अपनाकर खोखन नाले में किए गए अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया में पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है। इस अवसर पर नगर पंचायत भुंतर की उप प्रधान मीना राणा, पार्षद ललिता तथा पार्षद अजय किशोर भी मौजूद रहे। नगर पंचायत के अध्यक्ष कर्ण ठाकुर ने कहा कि जल्द ही शहर में बने अवैध कब्जों को भी हटाया जाएगा। इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।