मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में चंद्रताल होटल के समीप पार्किंग में पुलिस ने युवक का शव बरामद किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पार्किंग में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह पुलिस को किसी ने सूचना दी कि पार्किंग में एक युवक मृत पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना से टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। युवक की पहचान लोत राम पुत्र खेख राम उम्र 36 वर्ष मनाली गांव के रूप में हुई है।
उधर, डीएसपी मनाली पुनीत रघु ने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।