शैंशर पंचायत में ढांक से गिरकर भेड़ पालक की मौत
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूली (कुल्लू)। बंजार उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत शैंशर में ढांक से गिरकर एक भेड़ पालक की मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शैंशर पंचायत के दीनानाथ, उम्र 53 साल, गांव खाइण, डाकघर बजाहरा, तहसील सैंज, कुल्लू रोजाना की तरह बुधवार को सुबह दस बजे भेड़ें चराने गया था। शाम होने पर वह वापस नहीं लौटा। भेड़पालक के वापस लौटने पर परिजनों को उसकी चिंता हो गई। हालांकि कुछ भेड़ें वापस घर पहुंच गईं और कुछ जंगल में रह गईं। परिजन गांव के लोगों के साथ रात को ही भेड़पालक को तलाश करने के लिए निकल पड़े, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रात में नहीं ढूंढ पाए। वीरवार सुबह फिर से गांववालों और परिजनों ने मिल कर भेड़पालक को ढूंढा। इस दौरान सोंउई निहारनी नामक स्थान पर भेड़पालक करीब 30 मीटर नीचे ढांक से गिरा था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कुल्लू अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि शैंशर पंचायत के खाइण गांव के एक व्यक्ति की ढांक से गिरकर मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।