अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू।
मणिकर्ण के सुमारोपा के पास पुलिस ने तीन किलो 25 ग्राम चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने तीन पर्यटकों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गाड़ी को भी जब्त किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर किया गया है।
जरी पुलिस चौकी प्रभारी इंद्र सिंह शर्मा ने कहा कि बुधवार को पुलिस की एक टीम रुटीन नाकाबंदी और पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान शक के आधार पर कुछ वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। मणिकर्ण से भुंतर की तरफ आ रहे एक पर्यटक वाहन को शक के आधार पर तलाशी के लिए रोका।
चेकिंग की तो गाड़ी से 3.025 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने वाहन में बैठे तीन लोगों सुमित जिंदल, राज कमल तथा विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। सभी पंजाब के संगरूर के रहने वाले हैं। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। इन लोगों ने चरस को किससे खरीदा और कहां ले जा रहे थे, इस बारे भी पूछताछ की जा रही है। कहा कि इन लोगों ने किन लोगों से फोन में बात की है इसकी भी डिटेल निकाली जा रही है।
वीरवार को तीनों को कुल्लू की अदालत में पेश किया जाएगा। नेगी ने कहा कि चरस माफिया को कतई बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि पुलिस जिले में पेट्रोलिंग और गश्त को बढ़ा रही है।