पुलिस के निशाने पर होटल, ढाबे व खोखे
ढाबों और खोखों को चिन्हित करने में जुटी कुल्लू पुलिस
गुपचुप तरीके से नशेड़ियों को सप्लाई करते हैं चरस
चरस मामले में हुई पुलिस तहकीकात में हुआ खुलासा
रोशन ठाकुर
कुल्लू। घाटी में बढ़ रही चरस तस्करी का समूल नाश के लिए अब पुलिस के निशाने पर कुल्लू जिला के होटल, ढाबे और खोखे होंगे। पुलिस नाकाबंदी और पेट्रोलिंग के साथ-साथ इन संदिग्ध होटलों, ढाबों व खोखों को चिन्हित करने में जुट गई है। इसके बाद पुलिस योजनाबद्ध तरीके से इन पर छापामारी करेगी।
कुछ ढाबों व खोखों से गुपचुप तरीके से नशेड़ियों को एक सिगरेट से लेकर एक तोला तक चरस की सप्लाई की जाती है। वहीं होटलों में भी चरस की खेप को खपाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने इसके लिए सभी पुलिस चौकी व थानों तथा अन्य पुलिस टीमों को इस पर अलर्ट रहने को कहा गया है। ढाबों व खोखों के जरिये चरस व अन्य नशा सप्लाई करने से युवा पीढ़ी इसकी जद में आने लगी है। पुलिस इसको लेकर एक लिस्ट तैयार करने में जुट गई है। नवंबर में पुलिस ने कसोल में होटलों से पकड़ी चरस व अन्य नशे की खेप के बाद हुई पुलिस तहकीकात के बाद इसका खुलासा हुआ है। ऐसे में अब मणिकर्ण, कसोल व पर्यटन नगरी मनाली के कई होटल पुलिस रडार पर हैं।
वहीं इस संबंध में एसपी कुल्लू शालिनी अग्रिहोत्री ने कहा कि घाटी में पुलिस नाकाबंदी व पेट्रोलिंग के बाद अब पुलिस के निशाने पर होटल, ढाबा और चाय के खोखे होंगे। इसके लिए जिला के सभी थाना व चौकियों को अलर्ट कर दिया है। गौर हो कि 16 नवंबर को कुल्लू पुलिस ने पर्यटन स्थल कसोल में आधा दर्जन होटलों की तलाशी करने पर दो होटलों से चरस के साथ अन्य नशे की खेप बरामद की थी। ऐसे में अब पुलिस का अगला निशाना, होटल, ढाबा व खोखे होंगे।