बसपा नेता ने शादी के लिये एक करोड़ रुपये की रखी मांग
स्वार (रामपुर)। विधवा महिला की ओर से पूर्व दर्जा राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह सागर और उनके बेटे पर शादी करने की शर्त के रूप में एक करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाया है। इसी महिला ने सुरेंद्र सागर के बेटे अंकुर सागर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उधर, सुरेंद्र सागर ने सियासी साजिश के तहत उन्हें और उनके परिवार को फंसाए जाने का आरोप लगाया है।
तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि बसपा शासन काल में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री व वर्तमान में जिला प्रभारी सुरेंद्र सिंह सागर ने अपने बेटे अंकुर का रिश्ता उनकी बेटी के साथ किया था। जिसके बाद उनका बेटा उसकी बेटी के साथ यौन शोषण करता रहा। जब शादी के लिए कहा तो एक करोड़ रुपये की मांग करने लगे। न देने पर रिश्ता तोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं वर्तमान में बसपा जिला प्रभारी सुरेंद्र सिंह सागर उनकी पत्नी उषा सागर, पुत्र हिमांशु सागर, अंकुर सागर के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाल सतीश कुमार ने बताया कि महिला की दर्ज कराई रिपोर्ट पर मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी।