भुंतर (कुल्लू)। जिला मुख्यालय कुल्लू से 13 किलोमीटर दूर कलैहली गांव में महिला की दिन दिहाड़े हुई हत्या मामले में शव को फोरेंसिक जांच के लिए मंडी भेज दिया है। हत्या किसने की है पुलिस अभी मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घंटों तक वारदात वाली जगह के आसपास छानबीन कर साक्ष्य जुटाए।
टीम ने मृतक महिला के घर की भी जांच की, जहां पुलिस को एक और मोबाइल फोन हाथ लगा है, जो मृतका का बताया जा रहा है। घर को पुलिस ने पहले ही सील कर रखा था। एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस छानबीन में निर्माणाधीन क्लब हाउस में वारदात वाली जगह से कुछ ही दूरी पर एक गड्डा भी खोदा हुआ पाया गया और साथ ही नमक की एक थैली भी मिली है। बताया कि पांच जून सुबह 11 बजे उसे पड़ोसियों ने जाते हुए भी देखा था, जबकि दोपहर बाद करीब तीन बजे महिला का शव मिला। पुलिस छानबीन में महिला की हत्या पांच जून सुबह 11 बजे से लेकर तीन बजे के बीच मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि जहां से महिला के शव को बरामद किया उसे वहां तक घसीट कर लाया गया है। पुलिस ने वारदात वाली जगह से एक मोबाइल फोन और ईंटे भी बरामद की, जिन्हें महिला की हत्या में इस्तेमाल किया गया है। जांच पाया कि महिला के सिर पर किसी हथियार की नोक से वार किए हैं। एसपी ने कहा कि शक के आधार पर पुलिस ने 15 लोगों सहित परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है। जांच टीम मृतका के मोबाइलों की कॉल डिटेल खंगाल रही है। अंतिम बार किससे बात की थी इसका भी पता किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर महिला की हत्या का खुलासा हो पाएगा। बताया जा रहा है कि महिला की यह दूसरी शादी है। पहली शादी में उसके दो बेटे और दूसरी शादी से एक बेटा है।