अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर और कुल्लू पुलिस ने शनिवार को दो युवाओं से 37 ग्राम हेरोइन की खेप बरामद की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। भुंतर के बजौरा स्थित पुलिस चेक पोस्ट में पुलिस ने रूटीन चेकिंग के दौरान मनाली से मड़ी की तरफ जा रही एक एचआरटीसी की वोल्वो को रोका। जैसे ही पुलिस टीम वोल्वो के अंदर गई तो वोल्वो में सवार एक युवक पुलिस को देख घबरा गया।
शक होने पर पुलिस ने जब तलाशी ली को पुलिस ने 29 वर्षीय जयंत से 18 ग्राम हेरोइन बरामद की। दूसरा मामला जिला मुख्यालय के भूतनाथ के पास सामने आया। पुलिस ने यहां एक 22 साल के विकास कुमार निवासी चंबा को तलाशी के दौरान दबोचा। युवक से 19 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई। डीएसपी कुल्लू आशीष शर्मा ने कहा कि पुलिस ने दोनों युवाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने हेरोइन को कहां से खरीदा इसकी भी पूछताछ चल रही है। डीएसपी ने कहा कि बेचने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कॉल डिटेल निकाली जा रही है।