कुल्लू। आबकारी एवं कराधान विभाग ने टैक्स चोरी पर शिकंजा कस दिया है। विभाग ने मंगलवार और बुधवार को मनाली में करीब आधा दर्जन होटल कारोबारियों को लग्जरी टैक्स चोरी करते हुए पकड़ा। जिनसे करीब चार लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। विभागीय टीमों की सख्त कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
कुल्लू-मनाली में इन दिनों पर्यटन सीजन के पूरे यौवन पर है। रोजाना हजारों सैलानी पर्यटन नगरी में पहुंच रहे हैं। होटलों में ऑक्युपेंसी भी 90 प्रतिशत चल रही है। इसी के साथ कुछ शातिर होटल व्यवसायी लग्जरी टैक्स को लेकर गड़बड़ी करने में जुट गए हैं। जिस पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग की टीमें लगातार दबिशें दे रहे हैं।
मंगलवार और बुधवार को विभागीय टीमों ने मनाली में दबिश देकर होटलों में लग्जरी टैक्स को लेकर जायजा लिया। इस दौरान करीब आधा दर्जन होटलों में लग्जरी टैक्स को लेकर अनियमितताएं पाई गईं। अनियमितताएं व टैक्स चोरी पर विभागीय टीमों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उक्त व्यापारियों से चार लाख रुपये जुर्माना वसूला और भविष्य में सभी दस्तावेज समेत औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए।
10 प्रतिशत देना होता है लग्जरी टैक्स
नियमानुसार प्रदेश सरकार को रेंट का दस प्रतिशत लग्जरी टैक्स देना होता है, लेकिन कुछ कारोबारी चालाकी बरतते हुए इसमें कोताही बरतते हैं। वास्तव में होटल के कमरे लगे हुए होने पर कागजों में खाली दर्शाए जाते हैं। जिससे सीधे तौर पर लग्जरी टैक्स से बच जाते हैं। ऐसे मामलों में विभागीय टीम लगातार निगरानी रख रही है।
टैक्स चोरी पर कार्रवाई जारी : डॉ रमेश
टैक्स चोरी को लेकर विभागीय टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। मनाली में लग्जरी टैक्स चोरी पर करीब आधा दर्जन व्यापारियों से चार लाख रुपये जुर्माना किया गया है। पर्यटन सीजन को देखते हुए विभाग चौकस है। -डॉ रमेश शर्मा, सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग