कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ सटी सारी भेखली में जन्मदाता पिता ने तैश में आकर अपनी ही मासूम बेटी की सरवरी खड्ड में फेंक हत्या कर दी। इस घटना से देवभूमि कुल्लू सहम उठी है। कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की दिशा में प्रदेश सरकार काम कर रही है। वहीं, कुल्लू में हत्यारे पिता के कदम ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
घर में मां के बिना रोती-बिलखती बच्ची को पिता संभाल नहीं पाया और उसे मरने के लिए जिला मुख्यालय स्थित सरवरी नाले में जिंदा फेंक दिया गया। मां के अकेले ही मायके जाने से बच्चों को न संभाल पाना पिता को मुश्किल हुआ, जिस पर पिता ने बेटी को ही खड्ड में फेंक दिया। हालांकि पुलिस बच्ची को खड्ड में फेंकने का कारण जानने के लिए आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के भाई मान सिंह निवासी सरली ने बताया कि उनके भाई की शादी दस साल पूर्व हुई थी और उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि कहीं ज्ञान चंद ने बेटियों के अधिक होने पर यह कदम तो नहीं उठाया है? पिता के इस कारनामे से देवभूमि कुल्लू शर्मसार हो गई है और वारदात को लेकर लोग भी हैरान हैं। अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतारने वाले पिता ज्ञान चंद को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पिता ने इस घटनाक्रम को लेकर अपना गुनाह कबूल कर लिया है। बावजूद इसके पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।