अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पुलिस रडार पर चल रहे नशा तस्कर के घर पर छापेमारी के दौरान पकड़े गए सवा आठ लाख कैश और 270 ग्राम चरस के आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी के पास पकड़ी गए कैश व अन्य दस्तावेज संदेह के घेरे में है। इनकी पुलिस विवेचना कर रही है। शहर में की गई छापेमारी के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकतर नशा तस्कर अंडरग्राउंड हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस की ओर से अब पूल व स्नूकरों पर भी नजर रखी जाएगी। गौर रहे कि शुक्रवार को पुलिस ने रडार पर चल रहे एक व्यक्ति के घर पर पुलिस ने शुक्रवार को छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 8 लाख 24 हजार कैश पकड़ा है। इसमें सभी तरह के 5, 10, 20, 50, 100, 200, 500, 2000 के नोट तथा 10 रुपये के सिक्के भी शामिल हैं। इसके साथ ही 270 ग्राम, पांच इलेक्ट्रिक मशीन, 45 रोलिंग पेपर, 26 फिल्टर, 3 छोटे हुक्के, एक डिब्बा, चार लाख के आभूषण, 12 लाख की एफडी, चार लाख की एलआईसी, सेविंग अकाउंट में 16 लाख, और तीन गाड़ियों कीआरसी जो आरोपी के नाम पर नहीं थी, को पकड़ा गया। इसके साथ ही मौके से आठ युवाओं को पकड़ा था, जो यहां पर चरस खरीदने आए थे। पुलिस की ओर से शुक्रवार को लाई गई इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है। मामले को लेकर एएसपी राजकुमार चंदेल ने कहा कि आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी के पकड़ी गई चीजें संदेह के घेरे में हैं। जिनकी पुलिस विवेचना कर रही है।